IPL 2023 | Mandeep Singh | Cricket |
Stories

आईपीएल 2023: मनदीप स‍िंंह के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक र‍िकॉर्ड, जान‍िए अब तक का पूरा प्रदर्शन   

आईपीएल 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए खेलने वाले मनदीप सिंह के नाम एक बुरा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। यह रिकॉर्ड है सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने का। 6 अप्रैल, 2023 को जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलते हुए मनदीप सिंह शून्‍य रन बनाकर आउट हुए तो उनके नाम यह रिकॉर्ड दर्ज हो गया।

आरसीबी के डेविड व‍िले ने उन्हें बिना कोई रन बनाए पैवेल‍ियन भेज दिया

कोलकाता के ईडन गार्डन मैदान पर आरसीबी के डेविड व‍िले ने उन्हें बिना कोई रन बनाए पैवेल‍ियन भेज दिया। इस मैच से पहले मनदीप सिंह, रोहित शर्मा और दिनेश कार्तिक के साथ इस मामले में बराबरी पर थे।

पंजाब के ख‍िलाफ खेलते हुए मनदीप स‍िर्फ दो रन बना पाए थे

मनदीप के इस बुरे प्रदर्शन पर कमेंटेटर सुनील गावस्कर ने एक कड़ी टिप्पणी भी कर दी।  उन्होंने कहा कि मनदीप ऐसे खिलाड़ी हैं जो खुद को साब‍ित नहीं कर पाते हैं, फ‍िर भी हर बार फ्रेंचाइजी पा जाते हैं। इस मैच से पहले पंजाब के ख‍िलाफ खेलते हुए मनदीप स‍िर्फ दो रन बना पाए थे।
2023 सीजन के ल‍िए मनदीप सिंह को केकेआर ने बेस प्राइस (50 लाख रुपए) पर खरीदा था। उन्हें आईपीएल में पहला मौका 2010 में मिला था। 2010 के अंडर 19 वर्ल्‍ड कप में उन्‍होंने अच्‍छा प्रदर्शन क‍िया था। वह वर्ल्‍ड कप के दौरान सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले ख‍िलाड़‍ियों में थे। उसके बाद 2010-11 सीजन में उन्‍हें अपने राज्‍य पंजाब से फर्स्‍ट क्‍लास क्र‍िकेट खेलने का भी मौका म‍िला।  

आईपीएल में मनदीप स‍िंंह का प्रदर्शन 

मनदीप को आईपीएल में पहला मौका केकेआर ने ही द‍िया था। तब 2010 में वह कोई कमाल नहीं द‍िखा पाए थे। 2011 में वह क‍िंग्‍स XI पंजाब (KXIP) में चले गए। वहां भी उनके खेल का हाल बुरा ही रहा। हालांक‍ि, 2012 में KXIP के सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले ख‍िलाड़ी बने। 2012 में उन्‍होंने 16 मैचों में 432 रन बनाए थे। लेक‍िन, 2013 में 16 मैच खेल कर केवल 20 रन बना पाए।

2014 में मनदीप सिंह ने पंजाब के लिए केवल तीन मैच खेले। अगले साल 2015 में वह आरसीबी में चले गए और कोई कमाल नहीं दिखा पाए।
चोट की वजह से 2016 का आईपीएल वह नहीं खेल सके। 2017 में भी उनकी कोई खास मौजूदगी नहीं दिखी। 2018 में आरसीबी ने उन्हें 1.40 करोड़ रुपए देकर खरीदा। उस साल मनदीप ने 14 मैचों में 252 रन बनाए।
2019 में मनदीप सिंह एक बार फिर पंजाब किंग्स में आ गए। वहां उन्हें 13 मैच खेलने का मौका मिला और उन्‍होंने 41.25 के औसत से रन बनाए। लेकिन 2020 और 2021 में एक बार फिर मनदीप फ्लॉप रहे।

2022 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मनदीप आईपीएल में थे। उन्‍हें सिर्फ तीन मैच खेलने का मौका म‍िला और वह कुल 18 रन बना पाए। मनदीप ने 6 अप्रैल, 2023 तक आईपीएल में 110 मैच खेले हैं और 1694 रन बनाए हैं। उनका औसत 20.1 है। उन्होंने छह अर्धशतक लगाए हैं। 

वेंकट नटराजन खेल पत्रकार हैं। क्रिकेट में इनकी ना केवल रुचि है, बल्कि यह क्रिकेट के अच्छे खिलाड़ी भी रह चुके हैं। क्रिकेट से जुड़े क़िस्से लिखने के अलावा वेंकट क्रिकेट Match Live Update, Cricket News in Hindi कवर करने में भी माहिर हैं।