Site icon Cricketiya

यशस्‍वी जायसवाल: पेट पर गुदवा रखा है क्र‍िकेट कॅर‍िअर की यादगार तारीखें, दोनों बांहों पर भी खास टैटू  

IPL 2023 | yashaswi jaiswal

क्रिकेटर यशस्वी जायसवाल। (फोटो- फेसबुक)

क्रिकेटर यशस्वी जायसवाल ने अपनी दोनों बांहों पर टैटू गुदवा रखा है। यह आम बात है। एक बांह पर गुदा है- I BELIEVE 16.10.2019 और दूसरे पर- I TRUST 07.05.2022…यह आम बात नहीं है।

यही नहीं, उन्‍होंने पेट पर भी कुछ तारीखें गुदवा रखी हैं। उन्‍होंने अब तक के क्र‍िकेट कॅर‍िअर की सारी अहम तारीखें पेट पर ल‍िखवाई हैं। कब आईपीएल में पहला मैच खेला, रणजी ट्रॉफी में कब शुरुआत की, विजय हजारे में कब खेला और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पहली बार कब खेला- सब यशस्‍वी ने पेट पर ल‍िखवा रखा है।

टैटू उन्हें याद दिलाता है कि वह कौन हैं और क्यों

उनका कहना है क‍ि इन तारीखों की उनकी ज‍िंंदगी में बड़ी अहम‍ियत है। हर गेम के पहले और किसी विषम परिस्थिति में फंसने पर वह अपनी बांहों पर गुदे टैटू पर नजर डालते हैं। उनका कहना है कि भरोसा और यकीन उनके लिए काफी महत्वपूर्ण है। टैटू उन्हें याद दिलाता है कि वह कौन हैं और क्यों हमेशा अपने आप में यकीन रखना है।

16 अक्टूबर, 2019 को उन्‍होंने लिस्ट ए टूर्नामेंट में झारखंड के खिलाफ 203 रन बनाए थे। इसने उनको यकीन दिलाया कि वह दुनिया में सबसे अच्छा बैटिंग कर सकते हैं।

7 मई, 2022 को उन्होंने राजस्थान रॉयल्स की ओर से पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलते हुए 68 रन बनाए और अपना पहला प्लेयर ऑफ द मैच जीता।

जायसवाल का कहना है कि मई 2022 के बाद उनकी जिंदगी सही द‍िशा में चलने लगी है। उन्होंने अपनी शारीरिक और मानसिक ताकत को अच्छे से समझना शुरू क‍िया और यह जानने लगे हैं कि उन्हें जिंदगी में क्या हासिल करना है।

यशस्वी जायसवाल का जन्म 28 दिसंबर 2001 को उत्तर प्रदेश के सूर‍िया में हुआ था। वह बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं और लेग ब्रेक बॉलर हैं। उन्होंने अपना पहला फर्स्ट क्लास मैच वानखेड़े स्‍टेड‍ियम में  7 से 9 जनवरी 2019 (मुंबई बनाम छत्‍तीसगढ़) को खेला था। लखनऊ में 20 स‍ितंबर, 2019 को उन्होंने लिस्ट ए में अपना पहला मैच खेला और 22 सितंबर 2020 को शारजाह में पहला टी20 मैच खेला।

Exit mobile version