WPL | Mumbai Indians | Delhi Capitals |
News

WPL Final: मुंबई इंडियंस वुमेंस प्रीमियर लीग के पहले सीजन की बनीं चैंपियन, दिल्ली कैपिटल्स को 7 विकेट से हराया

महिला प्रीमियर लीग (WPL) टी20 के पहले सीजन 2023 का फाइनल मुकाबला रविवार को दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में हुए मैच में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इस दौरान टीम ने 9 विकेट पर 131 रन बनाकर मुंबई इंडियंस के सामने 132 रन का आसान टारगेट रखा।

दिल्ली कैपिटल्स टीम की तीन खिलाड़ी एक भी रन नहीं बना पाईं

दिल्ली कैपिटल्स की ओर से कप्तान मेग लैनिंग ने 29 गेंदों पर 5 चौके लगाए और अपनी टीम के लिए 35 रन की पारी खेली। टीम की तीन खिलाड़ी कैप्सी, अरुंधति रेड्डी और तानिया भाटिया एक भी रन नहीं बना पाईं। शिखा पांडेय, राधा यादव ने 27-27 रन तथा मरिजाने कैप और शेफाली वर्मा ने क्रमश: 18 और 11 रनों का योगदान दिया। जेमिमा रोड्रिग्स ने 9 रन, जेस जोनासेन ने 2 रन और मीनू मणि ने 1 रन बनाए। मुंबई इंडियंस की गेंदबाज वांग और हेली मैथ्यूज ने तीन-तीन और अमेलिया केर ने दो विकेट चटकाए।

मुंबई इंडियंस ने केवल तीन विकेट खोकर अपना टारगेट पूरा कर लिया

जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम ने केवल तीन विकेट खोकर अपना टारगेट पूरा कर लिया। टीम ने 19.3 ओवर में 134 रन बनाकर खिताबी मुकाबले में जीत दर्ज की। इस तरह मुंबई इंडियंस दिल्ली कैपिटल्स को सात विकेट से हराकर महिला प्रीमियर लीग के पहले सीजन की चैंपियन बन गई। इस मैच के साथ महिला प्रीमियर लीग मुकाबले का पहला सीजन रविवार को समाप्त हो गया।

Also Read: Saika Ishaque: झुग्‍गी से क्र‍िकेट मैदान तक पहुंची, हालात ने ऐसा मारा क‍ि खेल छोड़ने का बना ल‍िया था मन, फ‍िर एक फोन कॉल से होने लगे गया कमाल

मुंबई इंडियंस की ओर से शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनर बल्लेबाज यास्तिका भाटिया चार रन पर ही आउट हो गईं। हेली मैथ्यूज 13 रन बनाकर आउट हो गईं। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रन आउट होने से पहले 37 रन का योगदान दिया। मुंबई की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने और टीम को जीत दिलाने वाली बैट्समैन रहीं नताली सीवर ब्रंट। उन्होंने 55 गेंदों पर सात चौके लगाए और नाबाद 60 रन बनाए। उनका साथ अमेलिया केर ने दिया। उन्होंने 14 रन बनाए और नाबाद रहीं।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष रोजर बिन्नी और सचिव जय शाह ने मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमन प्रीत कौर को महिला प्रीमियर लीग (WPL) के पहले सीजन की ट्राफी सौंपी।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *

वेंकट नटराजन खेल पत्रकार हैं। क्रिकेट में इनकी ना केवल रुचि है, बल्कि यह क्रिकेट के अच्छे खिलाड़ी भी रह चुके हैं। क्रिकेट से जुड़े क़िस्से लिखने के अलावा वेंकट क्रिकेट Match Live Update, Cricket News in Hindi कवर करने में भी माहिर हैं।